‘रामायण’ के संगीत के लिए रहमान ने ठुकराईं 12 फिल्में
नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म 'रामायण' के संगीत को खास बनाने के लिए ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने तीन साल तक मेहनत की है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर पूरा ध्यान लगाने के लिए करीब 10 से 12 फिल्मों के प्रस्ताव ठुकरा दिए। हंस जिमर के साथ तैयार हो रहा संगीत फिल्म की बड़ी खासियत बनने जा रहा है।
- एआर रहमान ने ‘रामायण’ के लिए 10 से 12 फिल्मों के ऑफर ठुकराए।
- तीन साल की मेहनत के बाद तैयार हो रहा फिल्म का भव्य संगीत।
- हंस जिमर और रहमान ने मिलकर तैयार की ‘राम थीम’।
AR Rahman Rejects 12 Films for Ramayana Music : भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को भव्य बनाने के लिए निर्माता हर स्तर पर खास तैयारी कर रहे हैं। फिल्म के संगीत को लेकर भी बड़ी मेहनत की जा रही है। ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपना पूरा समय और रचनात्मक ऊर्जा समर्पित की है। उन्होंने खुलासा किया है कि फिल्म पर ध्यान केंद्रित करने के लिए करीब 10 से 12 दूसरी फिल्मों के प्रस्ताव तक ठुकरा दिए।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रहमान के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के संगीतकार हंस जिमर भी जुड़े हैं। रहमान के मुताबिक, वह पिछले तीन वर्षों से फिल्म की थीम, धुनों और संगीत के अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रहे हैं। कई रचनाओं के 12 से 13 संस्करण तैयार किए गए, जिसके बाद अंतिम धुनों को चुना गया।
यह भी पढे : विकसित राजस्थान 2047 के लिए सुशासन बनेगा सबसे बड़ा आधार
रहमान ने खास तौर पर ‘रावण तांडव’ का जिक्र करते हुए बताया कि इसकी धुन को अंतिम रूप देने के लिए कई बार बदलाव किए गए। लगातार प्रयोग और मेहनत के बाद ऐसा संस्करण तैयार हुआ, जिसे सभी ने पसंद किया। उन्होंने इस पूरी रचनात्मक प्रक्रिया को बेहद खूबसूरत अनुभव बताया।
फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ के संगीत एल्बम में ‘जय जय राम’, ‘रावण तांडव’ और ‘सीताज एस्पिरेशन’ जैसे गीत शामिल हैं। ‘जय जय राम’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि ‘रावण तांडव’ को विशाल ददलानी ने गाया है।
वहीं, ‘सीताज एस्पिरेशन’ में एआर अमीन, वैशाली सामंत, रक्षिता सुरेश और अंतरा नंदी की आवाजें सुनाई देंगी। इन गीतों के बोल कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं। एल्बम में ‘जय जय राम’ का ऑर्केस्ट्रल संस्करण और ‘राम थीम’ भी शामिल है, जिसे एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर तैयार किया है।



