वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक दोहरा शतक, 53 गेंदों में ठोके 204 रन

15 साल के वैभव ने 28 छक्के जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट में रचा नया इतिहास, भारत ए ने यूएई के 249 रन के लक्ष्य को महज 14.2 ओवर में हासिल कर सात विकेट से दर्ज की जीत।

  • वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों में 204 रन बनाकर ऐतिहासिक दोहरा शतक लगाया।
  • 28 छक्कों के साथ लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और दोहरे शतक का रिकॉर्ड बनाया।
  • भारत ए ने यूएई के 249 रन के लक्ष्य को 14.2 ओवर में हासिल किया।

Vaibhav Suryavanshi Smashes Record 204 in 53 Balls : भारतीय क्रिकेट को 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक ऐसी पारी दी है, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ वैभव ने महज 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लिस्ट ए क्रिकेट में रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य केवल 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।

वैभव ने अपनी पारी में सात चौके और 28 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 384.90 रहा। उनके कुल 204 रनों में से 196 रन सिर्फ चौकों और छक्कों से आए। उन्होंने 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। इस तरह वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

यह भी पढे : राजस्थान में 6000 मेगावाट आवर बैटरी परियोजनाओं को लेकर सख्त हुए ऊर्जा मंत्री

दिलचस्प बात यह रही कि पारी की शुरुआती दो गेंदों पर वैभव कोई रन नहीं बना सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने यूएई के गेंदबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया। तीसरे ओवर के खत्म होने तक वह 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे। जाहिद अली के एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर उन्होंने अपने इरादे भी साफ कर दिए।

वैभव के बल्ले से निकले कई छक्के मैदान के बाहर जा गिरे। उन्होंने छोटी गेंदों को पुल किया तो अच्छी लंबाई की गेंदों को सामने की दिशा में ताकत से सीमा पार पहुंचाया। यूएई के विकेटकीपर आफताब आलम ने उन्हें 76 रन के निजी स्कोर पर स्टंप करने का मौका गंवा दिया। इसके बाद वैभव ने अगली ही गेंद पर छक्का जड़कर भारत के 100 रन पांच ओवर में पूरे करा दिए।

शुरुआत में अभिषेक शर्मा ने वैभव का साथ दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 21 गेंदों में 68 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक ने पांच गेंदों में 12 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद प्रभसिमरन सिंह तीन रन बनाकर लौट गए। इसके बाद रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और वैभव के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 137 रन जोड़ दिए। रिंकू 19 गेंदों में 27 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कुमार कुशाग्र एक रन बनाकर नाबाद लौटे।

यह भी पढे : प्रवासी राजस्थानी दिवस में सिंगापुर से आएगा 16 सदस्यीय दल, 400 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

वैभव 13वें ओवर में कप्तान बासिल हमीद की गेंद पर आर्यांश शर्मा को कैच दे बैठे। उस समय भारत ए को जीत के लिए केवल पांच रन चाहिए थे। वैभव एक और छक्का लगाकर मैच समाप्त करना चाहते थे, लेकिन उनका यह प्रयास कैच में बदल गया।

इससे पहले यूएई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 249 रन बनाए थे। हर्षित सिंह भाटिया ने 144 गेंदों में 130 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान बासिल हमीद ने 36 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। भारत ए की ओर से अरशद खान ने 43 रन देकर चार विकेट हासिल किए। हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे और शाहबाज अहमद को एक-एक सफलता मिली।

Related Articles

Back to top button