अब लिवर-पैंक्रियाज के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, जयपुर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

महात्मा गांधी हॉस्पिटल में जटिल लिवर सर्जरी और प्रत्यारोपण की विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में जल्द ही 450 बेड का लिवर टावर शुरू होगा। यहां मैचिंग-अनमैचिंग डोनर, ड्यूल लोब, ब्रेन डेड डोनर और बच्चों के लिवर ट्रांसप्लांट सहित जांच, सर्जरी और उपचार की सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

  • जयपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में लिवर ट्रांसप्लांट की आधुनिक सुविधाएं।
  • जल्द शुरू होगा 450 बेड का विशेष लिवर टावर।
  • बच्चों सहित विभिन्न प्रकार के जटिल लिवर प्रत्यारोपण की सुविधा।

Advanced Liver Treatment and Transplant Facilities Available in Jaipur: उदयपुर। लिवर, पैंक्रियाज और पित्त नली से जुड़ी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए राजस्थान के मरीजों को अब दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जयपुर के सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल के सेंटर फॉर डाइजेस्टिव साइंसेस में इन बीमारियों के आधुनिक इलाज, जटिल सर्जरी और लिवर प्रत्यारोपण की विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में जल्द ही 450 बेड का लिवर टावर भी शुरू किया जाएगा। इसमें लिवर, पेट, आंत और अन्य उदर रोगों की जांच से लेकर उपचार, सर्जरी, प्रत्यारोपण और ऑपरेशन के बाद देखभाल तक की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

यह जानकारी महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने उदयपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दी।

कार्यक्रम में सेंटर फॉर डाइजेस्टिव साइंसेस के चेयरमैन और एचपीबी सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांटेशन विभागाध्यक्ष डॉ. नैमिष एन. मेहता ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कई तरह के जटिल लिवर प्रत्यारोपण किए जा रहे हैं। इनमें मैचिंग और अनमैचिंग डोनर, ड्यूल लोब, कैडेवरिक यानी ब्रेन डेड डोनर से प्रत्यारोपण के साथ बच्चों के लिए पीडियाट्रिक लिवर ट्रांसप्लांट भी शामिल हैं। उनके अनुसार, इन सभी प्रक्रियाओं में अच्छी सफलता दर हासिल की जा रही है।

डॉ. मेहता ने कहा कि लिवर का इलाज चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में ट्रांसप्लांट सर्जन, हेपेटोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की संयुक्त टीम की भूमिका अहम रहती है। मरीज के शुरुआती मूल्यांकन से लेकर प्रत्यारोपण सर्जरी और उसके बाद गहन देखभाल तक हर चरण में अलग-अलग विशेषज्ञों का समन्वय जरूरी होता है।

फैटी लिवर और मोटापा भी बन सकते हैं गंभीर बीमारी की वजह

डॉ. मेहता ने लिवर संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए समय पर जांच और जागरूकता को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि फैटी लिवर, मोटापा, डायबिटीज, शराब का सेवन और हेपेटाइटिस जैसे कारण धीरे-धीरे लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। शुरुआती दौर में कई बार बीमारी के लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

यह भी पढ़ें:सोना-चांदी की चमक पड़ी फीकी, सर्राफा बाजार में मामूली गिरावट

उन्होंने संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रित रखने, शराब से परहेज और हेपेटाइटिस से बचाव की सलाह दी। बीमारी के शुरुआती संकेत मिलने पर विशेषज्ञ से परामर्श और समय पर उपचार लेने से गंभीर स्थिति तथा लिवर प्रत्यारोपण की जरूरत पड़ने के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

लिवर प्रत्यारोपण और आधुनिक सर्जरी की तकनीकों पर चर्चा के लिए रविवार को उदयपुर मैरियट होटल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), उदयपुर शाखा और महात्मा गांधी हॉस्पिटल, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (सीएमई) आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. विपिन माथुर, विभागाध्यक्ष गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के पूर्व प्राचार्य मौजूद रहे। आईएमए उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता, सचिव डॉ. प्रशांत अग्रवाल और कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक शाह ने भी सहभागिता की। महात्मा गांधी हॉस्पिटल की ओर से चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुकांता कुमार दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय चिकित्सक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button