डिग्री मिलना शिक्षा का अंत नहीं, नई जिंदगी की शुरुआत : राज्यपाल बागडे

आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि डिग्री मिलना शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने युवाओं से तकनीकी ज्ञान राष्ट्र निर्माण में लगाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर निर्भरता से बचने और नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा अपनाने का आह्वान किया। मानवीय मूल्यों को साथ रखने पर भी जोर दिया।

  • राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह को किया संबोधित।
  • युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहने की अपील।
  • नई शिक्षा नीति में भारतीय ज्ञान परंपरा को व्यावहारिक रूप से अपनाने पर जोर।

Governor Haribhau Bagde Addresses ICFAI University Convocation : राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी तकनीकी और शैक्षणिक योग्यता का इस्तेमाल देश के विकास में करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। यह तकनीक उपयोगी है, लेकिन विद्यार्थियों को इस पर पूरी तरह निर्भर नहीं होना चाहिए। तकनीकी प्रगति के साथ नैतिकता और मानवीय मूल्यों का समावेश भी जरूरी है। तभी सबका साथ, सबका विकास की भावना को सही मायने में आगे बढ़ाया जा सकेगा।

यह भी पढ़े :महिला आरक्षण लागू करने के लिए हर बाधा दूर करने का मोदी ने दिया भरोसा

राज्यपाल ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था के इतिहास का उल्लेख करते हुए ब्रिटिश शासन के दौरान शिक्षा पद्धति में आए बदलावों पर भी विचार रखे। उन्होंने लॉर्ड मैकाले की अंग्रेजी शिक्षा प्रणाली को भारतीय शिक्षा और ज्ञान परंपरा के विकास में बाधा बताया।

उन्होंने विनोबा भावे के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी के साथ ही शिक्षा पद्धति में भी बदलाव होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय शिक्षा पद्धति और पारंपरिक ज्ञान को फिर से महत्व मिल रहा है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों से इसे केवल नीतिगत स्तर पर नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप में लागू करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें हुनरमंद बनाने के साथ उनकी बौद्धिक क्षमता का विकास करना भी है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान किए।

Related Articles

Back to top button