जर्मनी में गूंजेगी राजस्थान की संस्कृति, 2027 के लिए बनी खास योजना
राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत को जर्मनी में नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। राजस्थान फाउंडेशन जर्मनी के पदाधिकारियों ने भारतीय महावाणिज्यदूत शत्रुघ्न सिन्हा से मुलाकात कर आगामी योजनाओं पर चर्चा की। वर्ष 2027 में म्यूनिख में पर्यटन समारोह, विद्यार्थियों के सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवा उद्यमियों को जोड़ने के लिए तीन प्रमुख पहल प्रस्तावित की गई हैं।
- राजस्थान फाउंडेशन जर्मनी ने भारतीय महावाणिज्यदूत से की मुलाकात।
- राजस्थान पर्यटन और संस्कृति को जर्मनी में मिलेगा बढ़ावा।
- वर्ष 2027 के लिए तीन प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार।
Rajasthan Foundation Plans Three Major Initiatives in Germany for 2027 : राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति, पर्यटन स्थलों और समृद्ध विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में राजस्थान फाउंडेशन जर्मनी ने नई पहल की है। इसी सिलसिले में फाउंडेशन के अध्यक्ष राणा हरिगोविंद सिंह और म्यूनिख चैप्टर के पदाधिकारियों ने भारतीय महावाणिज्यदूत शत्रुघ्न सिन्हा से मुलाकात की। बैठक में वर्ष 2026 के दौरान हुई गतिविधियों की समीक्षा के साथ 2027 के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि जर्मनी में राजस्थान की पहचान मजबूत करने के लिए कई आयोजन किए गए। इनमें बर्लिन का आईटीबी पर्यटन मेला, फ्रैंकफर्ट रोड शो, स्टटगार्ट में गणगौर और राजस्थान दिवस समारोह, कोलोन में कांसुलर कैंप के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम शामिल रहे।
यह भी पढे : निर्वाण विश्वविद्यालय में पुस्तकें बनीं ज्ञान और रचनात्मकता का आधार, सप्ताहभर चलीं प्रतियोगिताएं
अब वर्ष 2027 में तीन नई पहलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहली पहल के तहत मार्च में म्यूनिख में राजस्थान पर्यटन एवं राजस्थान फाउंडेशन दिवस आयोजित करने का प्रस्ताव है। दूसरी पहल में यशिता सक्सेना के नेतृत्व में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, अशुतोष के नेतृत्व में युवा उद्यमियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों को जोड़ने की योजना बनाई गई है।
भारतीय महावाणिज्यदूत शत्रुघ्न सिन्हा ने इन प्रस्तावों पर सहयोग और मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप देने के लिए मार्च 2027 में राजस्थान फाउंडेशन की कार्यकारिणी की बैठक भी प्रस्तावित है।
फाउंडेशन अध्यक्ष राणा हरिगोविंद सिंह ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से राजस्थान की संस्कृति, पहचान और विरासत को जर्मनी में व्यापक मंच मिलेगा। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव के साथ जनसंपर्क और व्यापारिक रिश्तों को भी मजबूती मिलेगी।



