जयपुर के तीन युवा खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, मार्शल आर्ट्स में बनाए इंडिया-एशिया रिकॉर्ड
जयपुर के शिवा क्लब के तीन होनहार खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन कर शहर और राजस्थान का नाम रोशन किया है। 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाकर इंडिया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, 14 वर्षीय पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया ने क्रमशः 220 नी स्ट्राइक्स और 311 डबल स्लैप किक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड अपने नाम किए।
- जयपुर के शिवा क्लब के 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने 1 किलो वजन के साथ 60 सेकंड में 466 पंच लगाकर इंडिया रिकॉर्ड बनाया।
- 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने 2 किलो वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाईं और इंडिया व एशिया रिकॉर्ड अपने नाम किया।
- 14 साल के भविष्य धनोपिया ने 2 किलो वजन के साथ महज 60 सेकंड में 311 डबल स्लैप किक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड रचा।
Three young players from Jaipur have made history : कम उम्र में बड़े मुकाम हासिल करने का जज्बा हो तो सफलता की राह खुद बन जाती है। इसका उदाहरण जयपुर के शिवा क्लब के तीन युवा मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों ने पेश किया है। गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाकर राजस्थान को गौरवान्वित किया है।
27 नवंबर को जयपुर स्थित शिवा क्लब में आयोजित आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास के दौरान तीनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मौके पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं एडजुडिकेटर डॉ. भुवनेश माथुरिया भी मौजूद रहे।

रिकॉर्ड बनाने वाले खिलाड़ियों में 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने विशेष उपलब्धि हासिल की। उन्होंने दो किलोग्राम वजन पकड़कर महज एक मिनट में 311 डबल स्लैप किक्स लगाईं। उनका यह प्रदर्शन इंडिया और एशिया रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में बनेंगे दो नए औद्योगिक पार्क, 902 करोड़ रुपये होंगे खर्च
इसी तरह 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने भी अपनी ताकत और तेजी का शानदार परिचय दिया। उन्होंने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाईं। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने इंडिया और एशिया दोनों रिकॉर्ड अपने नाम किए।
वहीं, 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक किलोग्राम का रिस्ट वेट पहनकर एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाए। उनकी इस उपलब्धि को इंडिया रिकॉर्ड की श्रेणी में दर्ज किया गया। तीनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से साबित किया कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
कोच प्रदीप सिंह राघव के मार्गदर्शन में मिली सफलता
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे शिवा क्लब के संस्थापक और प्रशिक्षक प्रदीप सिंह राघव का मार्गदर्शन भी अहम रहा है। उनका खेल के क्षेत्र में खुद का लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 2013 में वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक और साउथ एशियन स्तर पर मुए थाई में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वे ताइक्वांडो में चौथे डैन ब्लैक बेल्ट धारक हैं और भारत ताइक्वांडो से नेशनल कोच लेवल-3 का लाइसेंस भी प्राप्त कर चुके हैं।
प्रदीप सिंह राघव पिछले 11 वर्षों से शिवा क्लब का संचालन कर रहे हैं। खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ वे सामाजिक स्तर पर भी लगातार सक्रिय हैं। वर्ष 2018 से अब तक वे 30 हजार से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुके हैं। इसके अलावा 30 से अधिक सरकारी स्कूलों में निःशुल्क मार्शल आर्ट्स कक्षाएं भी संचालित की गई हैं।
यह भी पढ़ें ; राज्यपाल बागडे का नए IPS अधिकारियों को संदेश, बोले- राष्ट्र प्रथम की भावना से करें काम
खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदीप सिंह राघव ने कहा कि तीनों बच्चों की मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्हें पूरा भरोसा है कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगे। क्लब की ओर से उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
तीनों युवा खिलाड़ियों की इस सफलता से उनके परिवारों और गुरुजनों में खुशी का माहौल है। साथ ही जयपुर के खेल जगत में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से यह संदेश दिया है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से छोटी उम्र में भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।



