नीदरलैंड्स में छाया दिवाली का रंग, भारतीय सीए परिवारों ने मनाया ‘दिवाली धमाका’

नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में आईसीएआई चैप्टर की ओर से आयोजित वार्षिक दिवाली धमाका समारोह में 100 से अधिक भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। संगीत, नृत्य, बच्चों की प्रस्तुतियों और पारंपरिक व्यंजनों ने आयोजन को खास बनाया। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां भी रखी गईं, जहां भारतीय संस्कृति और पारिवारिक एकजुटता की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

  • नीदरलैंड्स में दिवाली धमाका : 100 से अधिक भारतीय सीए परिवारों ने लिया हिस्सा।
  • एम्स्टर्डम में सांस्कृतिक उत्सव : संगीत, नृत्य और भारतीय व्यंजनों ने जमाया रंग।
  • बाल दिवस पर बच्चों की धूम : सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों में दिखा उत्साह।

The spirit of Diwali takes hold in the Netherlands : विदेश में रहकर भी अपनी संस्कृति और त्योहारों से जुड़ाव बनाए रखने की भारतीयों की परंपरा एक बार फिर देखने को मिली। नीदरलैंड्स की राजधानी एम्स्टर्डम में द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के नीदरलैंड्स चैप्टर ने अपना वार्षिक आयोजन ‘दिवाली धमाका’ उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर 100 से अधिक भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने परिवारों के साथ एकत्र हुए और भारतीय त्योहार की खुशियां साझा कीं।

यह भी पढ़ें ; शिक्षा और नशामुक्ति से बनेगा मजबूत राष्ट्र: राज्यपाल

इस बार समारोह की खासियत यह रही कि आयोजन बाल दिवस के अवसर पर हुआ। बच्चों को केंद्र में रखते हुए उनके लिए कई मनोरंजक गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं, वहीं परिवारों ने संगीत, नृत्य और पारंपरिक भारतीय पकवानों का आनंद उठाया। समारोह में हर उम्र के लोगों की भागीदारी ने इसे पारिवारिक उत्सव का रूप दे दिया।

आईसीएआई का एम्स्टर्डम चैप्टर विदेशों में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को पहचान दिलाने के साथ भारतीय पेशेवरों के बीच आपसी संपर्क मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यहां कार्यरत भारतीय सीए अपनी व्यावसायिक उपलब्धियों के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान पंचायत चुनाव: कहीं नेताओं के परिवार जीते, कहीं दिग्गजों को लगा झटका

ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराते हैं। खासतौर पर नई पीढ़ी के बच्चों को भारतीय रीति-रिवाजों, त्योहारों और परंपराओं से रूबरू कराने में इनकी अहम भूमिका रहती है। ‘दिवाली धमाका’ ने भी इसी भावना को मजबूत करते हुए भारतीय समुदाय को एकजुट होने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अवसर दिया।

Related Articles

Back to top button