चीन में गूंजी राजस्थान की संस्कृति, ‘नमस्ते कैंटन’ में दिखी विरासत की झलक
चीन के ग्वांगझू में आयोजित ‘नमस्ते कैंटन’ समारोह में भारतीय संस्कृति, खानपान और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में राजस्थान फाउंडेशन हांगकांग चैप्टर के अध्यक्ष पूरन एल. जेसवानी ने प्रदेश के किलों, महलों, हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और पर्यटन स्थलों को प्रस्तुत किया। पहल का उद्देश्य चीनी नागरिकों को राजस्थान भ्रमण के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
- चीन के ग्वांगझू में ‘नमस्ते कैंटन’ समारोह का आयोजन।
- पूरन एल. जेसवानी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई राजस्थान की विरासत।
- राजस्थान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगाया गया विशेष प्रचार स्टॉल।
Rajasthan Heritage Shines at Namaste Canton Festival in China : चीन में भारतीय संस्कृति का रंग उस समय देखने को मिला, जब ग्वांगझू के बीजिंग रोड टूरिज्म एरिया में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से ‘नमस्ते कैंटन’ समारोह आयोजित किया गया। भारतीय खानपान, हस्तशिल्प, पारंपरिक पहनावे और सांस्कृतिक गतिविधियों से सजे इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और भारतीय प्रवासी समुदाय ने उत्साह से भाग लिया।

समारोह का उद्घाटन भारत के महावाणिज्य दूत गिंस कुरुविला मैट्टम ने किया। आयोजन में चाय, कॉफी, वस्त्र, आभूषण, आयुर्वेद, योग और भारतीय जीवनशैली से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेहंदी कला और पारंपरिक साड़ी पहनने की शैली ने भी विदेशी मेहमानों को भारतीय परंपराओं से रूबरू कराया।

कार्यक्रम का खास आकर्षण राजस्थान पर्यटन को समर्पित प्रचार स्टॉल रहा। यहां प्रदेश के ऐतिहासिक किलों, भव्य महलों, स्थापत्य कला, पारंपरिक हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई। राजस्थान फाउंडेशन हांगकांग चैप्टर के अध्यक्ष पूरन एल. जेसवानी ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।
यह भी पढे : जर्मनी में गूंजेगी राजस्थान की संस्कृति, 2027 के लिए बनी खास योजना
पूरन एल. जेसवानी ने जलतेदीप को दूरभाष पर बताया कि ऐसे आयोजनों से विदेशों में राजस्थान की पहचान मजबूत होती है। चीन के नागरिकों और पर्यटकों को प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों, त्योहारों, कला और पारंपरिक आतिथ्य से परिचित कराने का यह अच्छा अवसर रहा। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य चीन के लोगों को राजस्थान की यात्रा के लिए प्रेरित करना भी है।

आयोजन को सफल बनाने में सुश्री डोरा झांग, डॉ. सूर्या और मोहित जेसवानी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के मीडिया प्रमुख कुमार शाहदादपुरी थे। विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रतिनिधियों, खाद्य स्टॉल संचालकों और भारतीय प्रवासी समुदाय ने भी आयोजन में सहयोग किया।

‘नमस्ते कैंटन’ ने भारत और चीन के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जनसंपर्क को बढ़ावा देने का मंच उपलब्ध कराया। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ आयोजित इस समारोह में राजस्थान की विशेष प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति को एक अलग पहचान दिलाई। यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि विदेशों में बसे प्रवासी राजस्थानी अपनी जड़ों से जुड़े रहकर प्रदेश की विरासत और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।



