राजस्थान में खाद की किल्लत नहीं, 9.64 लाख टन यूरिया उपलब्ध; कालाबाजारी पर सरकार सख्त
रबी की बुवाई के बीच राजस्थान सरकार ने किसानों को यूरिया और डीएपी की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कंपनियों को निर्धारित आवंटन के अनुसार खाद भेजने को कहा। अनुदानित उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने और पारदर्शी वितरण के लिए डिजिटल व्यवस्था भी लागू होगी।
- राजस्थान में यूरिया का 9.64 लाख मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध।
- खाद की कालाबाजारी पर 31 एफआईआर, 12,375 बैग जब्त।
- 30 नवंबर तक सभी जिलों में एफएफएस पोर्टल व्यवस्था लागू होगी।
Rajasthan Strengthens Fertilizer Supply, 9.64 Lakh Tonnes of Urea Available : राजस्थान में रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में यूरिया की उपलब्धता 9.64 लाख मीट्रिक टन बताई गई है, जबकि डीएपी की आपूर्ति भी लगातार बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने साफ किया है कि किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए आपूर्ति से लेकर वितरण तक की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान रासायनिक उर्वरकों की मांग, आपूर्ति और जिलेवार उपलब्धता की समीक्षा की गई। उन्होंने उर्वरक कंपनियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने बताया कि खरीफ सीजन में यूरिया की आपूर्ति निर्धारित आवंटन के मुकाबले 112 प्रतिशत रही। वर्तमान में शुरुआती स्टॉक और लगातार हो रही आपूर्ति के कारण प्रदेश में 9.64 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। डीएपी के मामले में भी अधिकांश जिलों में 8 से 10 दिन का अग्रिम बफर स्टॉक रखा गया है।
यह भी पढे : चीन में गूंजी राजस्थान की संस्कृति, ‘नमस्ते कैंटन’ में दिखी विरासत की झलक
खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई, 93 लाइसेंस निलंबित
अनुदानित उर्वरकों के औद्योगिक उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाया जा रहा है। कृषि आयुक्त नरेश गोयल ने बताया कि अब तक 12,141 उर्वरक विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान 193 नमूने लिए गए, 1,282 फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 64 प्रतिष्ठानों की बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अलावा 93 फर्मों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान 31 एफआईआर दर्ज कर 12,375 उर्वरक बैग जब्त किए गए। इनमें दौसा के बालाहेड़ा में पकड़ा गया अवैध डीईएफ यूरिया प्लांट भी शामिल है।
मुख्य सचिव ने वाणिज्यिक कर विभाग को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों की ओर से खरीदे जा रहे टेक्निकल ग्रेड यूरिया, उत्पादन क्षमता और आपूर्ति से जुड़े वास्तविक आंकड़े कृषि विभाग को उपलब्ध कराए जाएं। इससे अनुदानित यूरिया के औद्योगिक इस्तेमाल की निगरानी प्रभावी हो सकेगी।
30 नवंबर तक सभी जिलों में लागू होगी डिजिटल व्यवस्था
खाद वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए एग्रीस्टैक आधारित फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स (एफएफएस) व्यवस्था लागू की जा रही है। सिरोही और राजसमंद में सफल परीक्षण के बाद इसे प्रदेश के 18 जिलों में शुरू किया जा चुका है। 30 नवंबर तक सभी जिलों में इसका विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढे : जर्मनी में गूंजेगी राजस्थान की संस्कृति, 2027 के लिए बनी खास योजना
मुख्य सचिव ने कहा कि फार्मर आईडी आधारित बुकिंग से वास्तविक किसानों तक खाद पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे अनावश्यक कतारों, कालाबाजारी और खाद के साथ जबरन अन्य उत्पाद देने जैसी अनियमितताओं पर भी अंकुश लगेगा।
सहकारी समितियों से गांवों तक पहुंचेगा खाद
सरकार ने ग्राम सेवा सहकारी समितियों और केवीएसएस के माध्यम से खाद वितरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। रेलवे रैक प्वाइंट पर खाद पहुंचते ही समितियों की मांग और उपलब्ध राशि का आकलन कर उन्हें प्राथमिकता से आवंटन किया जाएगा। इससे दूरदराज के किसानों को गांव के नजदीक ही यूरिया और डीएपी मिल सकेगा।
इसके साथ ही मुख्य सचिव ने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, एसएसपी, एनपीके और जैव उर्वरकों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि संतुलित उर्वरक उपयोग से मिट्टी की सेहत बनाए रखने और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है।
बैठक में सहकारिता विभाग के शासन सचिव समित शर्मा सहित वाणिज्यिक कर विभाग और इफको, कृभको, आईपीएल, सीएफसीएल तथा एनएफएल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



