APO परीक्षा रद्द होने पर अखिलेश का हमला, बोले- भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं

इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपीपीएससी की एपीओ प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द होने पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरक्षण नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इसे युवाओं के अधिकारों पर चोट बताया। सपा प्रमुख ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की तथा अभ्यर्थियों की परेशानी उठाई।

  • APO प्री परीक्षा 2025 का परिणाम रद्द होने पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना।
  • सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि यूपी में रद्द होने वाली यह 22वीं परीक्षा है।
  • 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की मेहनत और परीक्षा खर्च को लेकर सरकार से जवाबदेही मांगी।

Akhilesh Yadav Slams BJP After APO Prelims Result Cancellation: लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस फैसले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को नौकरी देने और आरक्षण के नियमों का पालन करने के प्रति गंभीर नहीं है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरक्षण के अधिकारों से जुड़े मामले में हस्तक्षेप कर अन्याय को रोका है। उन्होंने इसे भाजपा के आरक्षण-विरोधी चेहरे को उजागर करने वाला फैसला बताते हुए कहा कि न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी है।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में रद्द होने वाली परीक्षाओं की संख्या अब 22 हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को पहले से अंदाजा था कि भर्ती प्रक्रिया अदालत में टिक नहीं पाएगी। अखिलेश के मुताबिक, परीक्षा रद्द होने से नौकरी देने, आरक्षण लागू करने और वेतन से जुड़ी जिम्मेदारियों से बचने की स्थिति बनती है। उन्होंने दोहराया कि नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में नहीं है।

यह भी पढ़ें:जयपुर @ 300 में सुबोध स्कूल के बच्चों ने बिखेरे राजस्थानी संस्कृति के रंग

अखिलेश यादव ने आरक्षण और मेरिट के नियमों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में जगह पाने वाले पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए के अधिकारों के साथ अन्याय है।

उन्होंने सरकार से पूछा कि परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय तथा आर्थिक खर्च की भरपाई की जवाबदेही कौन लेगा? दोबारा परीक्षा की तैयारी, खर्च और मानसिक दबाव का सामना भी युवाओं को ही करना पड़ेगा।

अखिलेश ने कहा कि दोषी सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए अदालतों का सहारा न लेना पड़े।

Related Articles

Back to top button