NCR में बढ़ने लगी ठंड, दिन में धूप से राहत; अगले दिनों में कोहरे का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन में तेज धूप लोगों को राहत दे रही है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।
- दिल्ली-एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी, दिन में धूप से राहत।
- 27 नवंबर से अगले दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान।
- तापमान में गिरावट के बीच दिल्ली के कई इलाकों में AQI में आंशिक सुधार।
Delhi-NCR Weather: Cold Intensifies, Fog Expected in Coming Days: नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच आने वाले दिनों में कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कई दिनों तक कोहरे का असर
26 नवंबर को आसमान में हल्की धुंध रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद 27 नवंबर को सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। तापमान में बदलाव के साथ अधिकतम 25 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
28 नवंबर को कोहरे का असर बढ़ सकता है और मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 29 और 30 नवंबर को भी मध्यम कोहरे का अनुमान है। दोनों दिन अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यह भी पढ़ें:संविधान हर भारतीय का सुरक्षा कवच, लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया
1 दिसंबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार
मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए वायु गुणवत्ता को लेकर कुछ राहत देखने को मिल रही है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में आंशिक सुधार दर्ज किया गया है। अधिकांश क्षेत्रों में AQI ऑरेंज श्रेणी में बना हुआ है, जो हाल के दिनों के मुकाबले बेहतर स्थिति मानी जा रही है।



