राजमंदिर में श्रद्धा और रणदीप का लावणी धमाल, ‘ईठा’ के लिए उमड़ी भीड़
अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रचार के लिए अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा जयपुर पहुंचे। राजमंदिर सिनेमा में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी का रंग देखने को मिला। श्रद्धा ने स्थानीय डांसर्स के साथ लावणी की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीता। दोनों कलाकारों ने फिल्म के गाने का पोस्टर भी जारी किया।
- श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचे।
- श्रद्धा कपूर ने जयपुर की डांसर्स के साथ लावणी पर किया शानदार डांस।
- फिल्म ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Shraddha and Randeep’s electrifying Lavani performance at Rajmandir : गुलाबी नगरी में गुरुवार को महाराष्ट्र की लोककला लावणी की खूबसूरत झलक देखने को मिली। मौका था अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा की आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन का। दोनों कलाकार जयपुर के मशहूर राजमंदिर सिनेमा पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के साथ फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया, जब श्रद्धा कपूर ने स्थानीय डांसर्स के साथ लावणी की प्रस्तुति दी।

इस दौरान फिल्म के एक गाने का पोस्टर भी लॉन्च किया गया। श्रद्धा ने जयपुर से अपने खास जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर उनके लिए हमेशा से लकी रहा है। यहां जिन फिल्मों का उन्होंने प्रमोशन किया, उन्हें दर्शकों का अच्छा प्यार मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को ‘ईठा’ की कहानी भी पसंद आएगी।
श्रद्धा ने बताया कि फिल्म में लावणी को खास अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इस पारंपरिक नृत्य की बारीकियां समझने और उसे पर्दे पर सही तरीके से निभाने के लिए उन्होंने काफी समय तक अभ्यास किया। उनके मुताबिक, यह फिल्म उनके लिए कई मायनों में खास है।
यह भी पढ़ें ; संसद का विशेष बुलावा… 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा का एक-दिवसीय सत्र
वहीं रणदीप हुड्डा ने जयपुर में मिले उत्साह और प्रशंसकों के प्यार पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि दर्शकों का अपनापन कलाकारों के लिए हमेशा खास होता है। जयपुर में जिस तरह लोगों ने फिल्म के प्रति उत्साह दिखाया, उससे प्रमोशन का यह दौरा यादगार बन गया।
विठाबाई के संघर्ष और कला की कहानी है ‘ईठा’
फिल्म ‘ईठा’ महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं। कहानी उनके करीब चार दशक लंबे सफर को पर्दे पर उतारेगी।
कम उम्र में मंच पर कदम रखने वाली विठाबाई ने अपनी कला और मेहनत के दम पर महाराष्ट्र की लोकनाट्य परंपरा में अलग पहचान बनाई थी। फिल्म में उनके जीवन के प्रेम, विश्वासघात, संघर्ष और निजी चुनौतियों को दिखाया गया है। यह कहानी एक ऐसी कलाकार के सफर को सामने लाती है, जिसने मुश्किलों के बीच भी अपनी कला का साथ नहीं छोड़ा।
यह भी पढ़ें ; IITF 2026 में छाया भारतीय रेलवे : ‘वंदे भारत स्लीपर’ की झलक वाले पैवेलियन को मिला सिल्वर मेडल
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर हैं। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



