राजस्थान के स्वास्थ्य नवाचारों की केंद्र ने की तारीफ, कई योजनाओं को सराहा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 18वें कॉमन रिव्यू मिशन के 14 सदस्यीय दल ने राजस्थान के झालावाड़ और हनुमानगढ़ जिलों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। जयपुर के स्वास्थ्य भवन में हुई समीक्षा बैठक में प्रसव सखी हेल्प डेस्क, मां वाउचर योजना और बुजुर्गों के रामाश्रय वार्ड सहित कई नवाचारों की सराहना की गई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए।
- राजस्थान में चल रही स्वास्थ्य पहलों और योजनाओं की केंद्रीय टीम ने स्वास्थ्य भवन में समीक्षा के दौरान जमकर सराहना की।
- प्रसव सखी हेल्प डेस्क, रामाश्रय वार्ड, मिशन मधुहारी और मा वाउचर जैसी स्वास्थ्य पहलों ने विशेषज्ञों का खास ध्यान खींचा।
- केंद्रीय टीम ने दवा सप्लाई चेन, रियल टाइम स्टोर मैनेजमेंट और मेडिकल ऑफिसर्स की ट्रेनिंग को लेकर अहम सुझाव साझा किए।
Centre praises Rajasthan’s health innovations : राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संचालित योजनाओं और नवाचारों को केंद्र सरकार के विशेषज्ञ दल ने सराहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 18वें कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) के तहत प्रदेश पहुंचे 14 सदस्यीय दल ने झालावाड़ और हनुमानगढ़ जिलों में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मरीजों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझा।
दौरे के बाद शुक्रवार को जयपुर स्थित स्वास्थ्य भवन में समीक्षा एवं फीडबैक बैठक आयोजित की गई। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव और सीआरएम दल की ऑब्जर्वर रितु शर्मा सहित विशेषज्ञ दल के सदस्य मौजूद रहे।
इन योजनाओं ने खींचा विशेषज्ञों का ध्यान
केंद्रीय टीम ने राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कई प्रयोगों की विशेष सराहना की। इनमें गर्भवती महिलाओं की सहायता के लिए संचालित प्रसव सखी हेल्प डेस्क, बुजुर्ग मरीजों के लिए रामाश्रय वार्ड और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली पिंक यूपीएचसी पहल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें ; डीआरटी जयपुर में 4 दिसंबर को विशेष लोक अदालत, 4 हजार मामलों पर होगी सुनवाई
इसके अलावा टाइप-1 डायबिटीज की स्क्रीनिंग और उपचार के लिए चलाए जा रहे मिशन मधुहारी, मिशन लिवर स्माइल और गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा देने वाली मां वाउचर योजना को भी सराहनीय बताया गया।
विशेषज्ञों ने माना कि इस तरह की पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित हो सकती हैं।
दवाओं की आपूर्ति और प्रशिक्षण पर भी चर्चा
समीक्षा बैठक में केवल योजनाओं की उपलब्धियों तक चर्चा सीमित नहीं रही, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों और उन्हें दूर करने के उपायों पर भी विचार किया गया। विशेषज्ञ दल ने नए मेडिकल ऑफिसर्स के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग आयोजित करने, दवाओं की सप्लाई चेन का बेहतर विश्लेषण करने और रियल टाइम स्टोर मैनेजमेंट को मजबूत बनाने जैसे सुझाव दिए।
इसके साथ ही हब एंड स्पोक मॉडल का थर्ड पार्टी असेसमेंट कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
कमियों को दूर करने के लिए होगी कार्रवाई
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पीसीपीएनडीटी डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने जयपुर मुख्यालय क्षेत्र के साथ झालावाड़ और हनुमानगढ़ में स्वास्थ्य कार्यक्रमों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की है। दल की ओर से दिए गए सुझावों और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें ; कालवाड़ रोड पर बिना बुलडोजर चले 90% अतिक्रमण साफ, जयपुर में दिखा प्रशासन और जनता का अनोखा तालमेल
वहीं, एनएचएम के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने और रेफरल व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में आरएमएससीएल के प्रबंध निदेशक पुखराज सेन, राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल, एनएचएम की अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला, कार्यवाहक निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेल सिंह और स्टेट प्रोग्राम मैनेजर डॉ. प्रदीप चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



