साइबर अपराधियों पर शिकंजे की तैयारी, 35 टीमें बनाएंगी नए तकनीकी हथियार
साइबर ठगी के बदलते तरीकों से निपटने के लिए राजस्थान पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए नई पहल की है। जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में शनिवार को दो दिवसीय साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 शुरू हुआ। देशभर से आई 35 टीमें 24 घंटे तक लगातार काम कर पांच बड़ी साइबर चुनौतियों के समाधान तैयार करेंगी। मकसद पुलिस की जांच तेज करना और साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
- राजस्थान पुलिस के साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 का आगाज।
- देशभर की 35 टीमें 24 घंटे में तैयार करेंगी तकनीकी समाधान।
- फिशिंग, बैंकिंग ठगी, टेलीग्राम और एटीएम फुटेज की जांच पर फोकस।
Rajasthan Police Hackathon: 35 Teams to Develop Cybercrime Solutions : राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से आयोजित इस हैकाथॉन का उद्घाटन शनिवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने राजस्थान पुलिस अकादमी में किया। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर विशेषज्ञ, विद्यार्थी, तकनीकी पेशेवर और पुलिसकर्मी हिस्सा ले रहे हैं।

डीजीपी शर्मा ने कहा कि साइबर अपराध लगातार नए रूप में सामने आ रहे हैं। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं को अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों में धकेलने की घटनाएं भी गंभीर चुनौती हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
हैकाथॉन में प्रतिभागियों के सामने पांच प्रमुख समस्याएं रखी गई हैं। इनमें स्कैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों एवं मनी ट्रेल का विश्लेषण, एआई आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया और टेलीग्राम मॉनिटरिंग तथा एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है।
यह भी पढ़े : डिग्री मिलना शिक्षा का अंत नहीं, नई जिंदगी की शुरुआत : राज्यपाल बागडे
इन चुनौतियों के लिए टीमें ऐसे सॉफ्टवेयर, टूल और तकनीकी सिस्टम विकसित करेंगी, जिनसे साइबर अपराधों की जांच और ठगी की रकम का पता लगाने में पुलिस को मदद मिल सके।
डीजीपी ने प्रतिभागियों से कहा कि उनके समाधान केवल प्रयोगशाला या अकादमिक अभ्यास तक सीमित नहीं रहने चाहिए। तकनीक ऐसी होनी चाहिए, जिसे पुलिसकर्मी आसानी से समझ सकें और वास्तविक जांच में इस्तेमाल कर सकें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि हैकाथॉन में तैयार किसी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को भी पहचान मिलेगी। राजस्थान पुलिस भविष्य में भी तकनीकी विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के साथ मिलकर साइबर अपराधों का समाधान तलाशती रहेगी।
यह भी पढ़े : महिला आरक्षण लागू करने के लिए हर बाधा दूर करने का मोदी ने दिया भरोसा
डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराधों से मुकाबले के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, विद्यार्थियों और तकनीकी विशेषज्ञों की भागीदारी भी जरूरी है। वहीं, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह ने नवाचार, तार्किक सोच और रचनात्मक प्रयासों को साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
हैकाथॉन में जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित कई क्षेत्रों की 35 टीमें शामिल हुई हैं। आयोजन में साइबर सुरक्षा से जुड़े एआई सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके अलावा कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभागियों को तकनीकी कौशल दिखाने का अवसर दिया गया।



