वीणा म्यूजिक ऐप से दुनिया तक पहुंचेगा राजस्थानी लोक संगीत

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर में वीणा समूह के नए म्यूजिक मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान उसकी समृद्ध लोक परंपराओं, संगीत और त्योहारों से है। लोक कलाकारों ने पीढ़ियों से इस विरासत को सहेजा है। नई पीढ़ी को राजस्थानी संगीत और नृत्य से जोड़कर सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की जरूरत है।

  • राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने वीणा म्यूजिक ऐप का किया लोकार्पण।
  • राजस्थान की सात वार, नौ त्योहार वाली संस्कृति का किया उल्लेख।
  • बच्चों को राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य से जोड़ने पर दिया जोर।

Veena Launches Music App to Promote Rajasthani Folk Music :  राजस्थान की लोक संस्कृति और संगीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में वीणा समूह ने अपना म्यूजिक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को जयपुर के एक निजी होटल में इस ऐप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजस्थानी लोक संगीत प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान है। इसे संरक्षित करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

राज्यपाल ने कहा कि राजस्थान को सात वार और नौ त्योहारों की संस्कृति वाला प्रदेश कहा जाता है। यहां के संगीत में अपनापन और आत्मीयता दिखाई देती है। कई ऐसे समुदाय और परिवार हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद पीढ़ी दर पीढ़ी लोक संगीत की परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने अपील की कि बच्चों को बचपन से ही राजस्थानी संगीत और नृत्य से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक जड़ों को पहचान सकें।

यह भी पढ़े : चिकित्सा की डिग्री के साथ बढ़ी समाज के प्रति जिम्मेदारी : मुख्य सचिव

अपने संबोधन में बागडे ने भारतीय इतिहास के लेखन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इतिहास को सही स्वरूप में प्रस्तुत करने के प्रयास हुए, लेकिन वे अपेक्षित रूप से आगे नहीं बढ़ सके। उन्होंने आर.सी. मजूमदार की अध्यक्षता में गठित समिति और बाद में ताराचंद की अध्यक्षता वाली समिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब केंद्र सरकार की पहल पर देश का वास्तविक इतिहास सामने लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्यपाल ने राजस्थानी लोक परंपरा की भावना को रेखांकित करते हुए प्रसिद्ध पंक्तियों ‘इला न देणी आपणी, हालरिया हुलराय। पूत सिखावै पालणै, मरण बड़ाई माय।’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पंक्तियों में मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रीयता का भाव समाहित है। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।

यह भी पढ़े : जयपुर की सड़कों पर दौड़े 15,500 लोग, 20 लाख भोजन का संकल्प

कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति हजारों वर्षों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। उन्होंने स्वर्गीय के.सी. मालू को याद करते हुए राजस्थानी संगीत और लोक संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को श्रद्धांजलि दी।

राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने तेजाजी, मीराबाई, जांभोजी और अमरसिंह राठौड़ जैसे लोकनायकों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को समझने के लिए यहां की भक्ति, वीरता, पर्यावरण संरक्षण और लोक परंपराओं को जानना जरूरी है। उन्होंने स्वर्गीय के.सी. मालू को राजस्थान के संगीत की धड़कन बताते हुए कहा कि उन्होंने लोक देवताओं और वीरों के योगदान को अपने गीत-संगीत के माध्यम से जीवंत बनाए रखा।

Related Articles

Back to top button