रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच 9 बच्चों की घर वापसी, मेलानिया ट्रंप की पहल से परिवारों से मिले
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान परिवारों से बिछड़े नौ बच्चों को आखिरकार उनके परिजनों से मिला दिया गया है। व्हाइट हाउस ने इस मानवीय प्रयास का श्रेय अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को दिया। उनकी पहल के तहत अब तक 43 बच्चों की घर वापसी संभव हुई है। इस अभियान में रूस और यूक्रेन के अधिकारियों ने भी सहयोग किया।
- रूस-यूक्रेन युद्ध में बिछड़े 9 बच्चों की परिवारों से हुई मुलाकात।
- मेलानिया ट्रंप की पहल के तहत अब तक 43 बच्चों की घर वापसी।
- रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के सहयोग से चल रहा मानवीय अभियान।
Melania Trump’s Initiative Reunites 9 Children with Families: वाशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अपने परिवारों से बिछड़े बच्चों को वापस अपनों से मिलाने की कोशिशों को एक और सफलता मिली है। हाल ही में नौ बच्चों को उनके परिवारों तक पहुंचाया गया है। व्हाइट हाउस ने इस पुनर्मिलन का श्रेय अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की मानवीय पहल को दिया है। इस अभियान के जरिए अब तक कुल 43 बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है।
‘ऑफिस ऑफ द फर्स्ट लेडी’ की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, नौ बच्चों का यह पुनर्मिलन अभियान का सातवां चरण था। मेलानिया ट्रंप ने इस प्रयास में रूस और यूक्रेन के नेतृत्व के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब कोई बच्चा अपने माता-पिता से दोबारा मिलता है, तो यह पूरी मानवता के लिए बेहतर दुनिया की दिशा में एक कदम होता है।
यह भी पढ़ें:राजस्थान में सर्दी का सितम तेज, फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री पर पहुंचा
मेलानिया ने दुनिया के वयस्कों से अपील की कि वे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय विवादों से ऊपर उठकर बच्चों के हितों को प्राथमिकता दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
छह चरणों में 34 बच्चों का हो चुका था पुनर्मिलन
व्हाइट हाउस के मुताबिक, अक्टूबर तक इस पहल के छह चरणों में 34 बच्चों को उनके परिवारों से मिलाया जा चुका था। जुलाई में पांचवें चरण के दौरान पांच बच्चों की घर वापसी की जानकारी दी गई थी। उस समय मेलानिया ने कहा था कि उनके प्रतिनिधि रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों और समुदायों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
हालांकि, हालिया नौ बच्चों के पुनर्मिलन को लेकर व्हाइट हाउस ने उनकी राष्ट्रीयता, उम्र, पहचान और परिवारों से अलग रहने की अवधि जैसी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि इनमें कितने बच्चे रूस और कितने यूक्रेन से संबंधित हैं।
ओलेशकी में मानवीय सहायता पहुंचाने में भी मिली मदद
इस पहल के दौरान रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच बने संवाद के माध्यमों का इस्तेमाल दक्षिणी यूक्रेन के ओलेशकी क्षेत्र में मानवीय प्रयासों के लिए भी किया गया। व्हाइट हाउस के अनुसार, 23 अक्टूबर को घोषित और 29 अक्टूबर से शुरू हुई अस्थायी व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित शहर में राहत सामग्री पहुंचाना और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने का रास्ता तैयार करना था।
इस अभियान में दोनों देशों की टीमों ने परिवहन, नागरिकों की सहायता और बारूदी सुरंगों को हटाने जैसे कार्यों में समन्वय किया। व्हाइट हाउस ने बताया कि इलाके में बचे अधिकांश लोग बुजुर्ग थे, जिन्हें दवाइयों, भोजन और साफ पानी की जरूरत थी।
इसके बाद 5 नवंबर को मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों की मेजबानी की। इस दौरान जानकारी दी गई कि ओलेशकी और आसपास के क्षेत्रों से करीब 800 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।



