हिमालयी झीलों से तबाही रोकने की तैयारी, नेपाल ने शुरू की 5 करोड़ डॉलर की परियोजना
हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर झीलों के फटने से आने वाली बाढ़ का खतरा कम करने के लिए नेपाल सरकार और संयुक्त राष्ट्र ने बड़ी पहल की है। करीब 5 करोड़ डॉलर की इस परियोजना से 3.85 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। चार संवेदनशील झीलों का जलस्तर घटाने के साथ आधुनिक पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित की जाएगी।
- नेपाल और यूएनडीपी ने ग्लेशियर बाढ़ रोकने के लिए शुरू की 5 करोड़ डॉलर की परियोजना।
- चार खतरनाक ग्लेशियर झीलों का जलस्तर एक से तीन मीटर तक घटाया जाएगा।
- 3.85 लाख लोगों को सीधा और करीब 20 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
Nepal Launches $50 Million Project to Prevent Himalayan Glacial Floods: हिमालयी क्षेत्रों में जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियर झीलों का बढ़ता आकार अब बड़ी आपदा की आशंका पैदा कर रहा है। इन झीलों के प्राकृतिक बांध टूटने पर अचानक आने वाली बाढ़ भारी तबाही मचा सकती है। इसी खतरे को देखते हुए नेपाल सरकार और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने करीब 5 करोड़ डॉलर की ‘ग्लोफ संजीवनी’ परियोजना शुरू की है।
इस पहल का उद्देश्य ग्लेशियर झीलों के फटने से होने वाली बाढ़ (ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड-जीएलओएफ) के जोखिम को कम करना और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। परियोजना से 3.85 लाख से अधिक लोगों को सीधे लाभ मिलने का अनुमान है। इनमें 55 प्रतिशत महिलाएं होंगी। वहीं, संबंधित नदी घाटियों के निचले इलाकों में रहने वाले करीब 20 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से फायदा पहुंच सकता है।
काठमांडू में आयोजित उद्घाटन कार्यशाला में नेपाल सरकार, ग्रीन क्लाइमेट फंड, यूएनडीपी और स्थानीय एवं प्रांतीय सरकारों के प्रतिनिधियों ने परियोजना की औपचारिक शुरुआत की।
यह भी पढ़े : बिग बॉस 20 में स्काउटओपी का छलका दर्द, लव गिल को लेकर किए चौंकाने वाले खुलासे
इन चार झीलों पर रहेगा विशेष फोकस
परियोजना के तहत नेपाल की चार उच्च जोखिम वाली ग्लेशियर झीलों का जलस्तर नियंत्रित किया जाएगा। इनमें मनांग जिले की दोना (थुलागी), संखुवासभा की लोअर बरुण तथा सोलुखुम्बु जिले की लुमडिंग त्सो और होंगु-2 झील शामिल हैं।
योजना के अनुसार, दोना, लोअर बरुण और लुमडिंग त्सो का जलस्तर तीन-तीन मीटर घटाया जाएगा, जबकि होंगु-2 झील का स्तर एक मीटर कम किया जाएगा। इसके साथ ही मौसम और जल विज्ञान की निगरानी को आधुनिक बनाया जाएगा। संवेदनशील नदी घाटियों में पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने के साथ सुरक्षा संरचनाओं और प्राकृतिक संरक्षण उपायों पर भी काम होगा।
ग्रीन क्लाइमेट फंड देगा सबसे बड़ा आर्थिक सहयोग
परियोजना की कुल लागत 49.94 मिलियन डॉलर निर्धारित की गई है। इसमें ग्रीन क्लाइमेट फंड की ओर से 36.16 मिलियन डॉलर का अनुदान मिलेगा। नेपाल सरकार 11.32 मिलियन डॉलर, यूएनडीपी 2.14 मिलियन डॉलर और निजी क्षेत्र के साझेदार 3.20 लाख डॉलर का योगदान देंगे।
यह भी पढ़े : सचिवालय में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का संदेश, मुख्य सचिव ने दिलाई मूल्यों की याद
वर्ष 2026 से 2033 तक चलने वाली इस परियोजना का क्रियान्वयन जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र करेगा। इसके तहत मर्स्यांग्दी, अरुण, दूधकोशी और लोअर अरुण नदी घाटियों के संवेदनशील इलाकों में निगरानी और पूर्व चेतावनी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
30 वर्षों में 25 प्रतिशत बढ़ा ग्लेशियर झीलों का क्षेत्रफल
यूएनडीपी के तकनीकी विशेषज्ञ एवं परियोजना समन्वयक दीपक केसी के अनुसार, वर्ष 1987 से 2017 के बीच नेपाल में ग्लेशियर झीलों का कुल क्षेत्रफल 25 प्रतिशत बढ़ा है। यह हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव का संकेत है।
यूएनडीपी की नेपाल में आवासीय प्रतिनिधि क्योको योकोसुका ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्यों पर निर्भर रहने के बजाय पहले से जोखिम कम करना है। उन्होंने हाल में रसुवा-भोटेकोशी और गंडकी नदी घाटियों में आई बाढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन से जुड़े खतरे तेजी से बड़े मानवीय और आर्थिक संकट में बदल सकते हैं।



