लोककथाओं में छिपा राजस्थान का लोकमंगल, विद्यार्थियों ने सुनाई विरासत की कहानियां

राजस्थान विश्वविद्यालय में प्राक् लोकमंथन कार्यक्रम के दौरान लोककथाओं की सामाजिक भूमिका, सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों पर विचार साझा किए गए। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में पारंपरिक कथाओं का रोचक प्रस्तुतिकरण किया। वक्ताओं ने कहा कि लोक साहित्य अन्याय के प्रतिकार, प्रकृति संरक्षण, करुणा, त्याग और सेवा जैसे आदर्शों को पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

  • राजस्थान लोककथाएं: लोकजीवन, प्रकृति संरक्षण, करुणा और सामाजिक मूल्यों की झलक।
  • लोककथा प्रतियोगिता: निकिता शेखावत प्रथम, हेमेन्द्र सिंह द्वितीय और तिमनपाल तृतीय रहे।
  • लोकमंथन-2026: जवाहर कला केंद्र जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक होगा राष्ट्रीय आयोजन।

Rajasthan Folk Tales Highlight Culture and Values at Pre-Lokmanthan Event: जयपुर। राजस्थान की लोककथाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं, संस्कारों और जीवन दर्शन को अभिव्यक्त करने वाली सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, प्रकृति की रक्षा, त्याग, सेवा और जीवमात्र के प्रति करुणा जैसे संदेश सहज रूप से समाहित हैं। इसी लोक चेतना और लोकमंगल की भावना पर केंद्रित प्राक् लोकमंथन कार्यक्रम सोमवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के राजस्थान अध्ययन केंद्र में आयोजित हुआ।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जयपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान की लोककथाओं में लोकमंगल विषय पर वैचारिक चर्चा के साथ विद्यार्थियों के लिए लोककथा प्रस्तुति प्रतियोगिता भी हुई। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय लोक साहित्य आयाम प्रमुख प्रो. अन्ना राम शर्मा ने कहा कि साहित्यकार का सामर्थ्य कालजयी होता है, लेकिन लोक की बात शास्त्र की तुलना में अधिक सर्वमान्य और लोकप्रिय होती है। राजस्थान की लोककथाओं में अन्याय का प्रतिकार, पर्यावरण संरक्षण के लिए बलिदान और सभी जीवों के प्रति दया जैसे मूल्य प्रमुखता से सामने आते हैं। उन्होंने ‘टमरक टूं’ और ‘झंडिया बालक’ की लोककथाएं राजस्थानी भाषा में सुनाकर श्रोताओं को लोक साहित्य से जोड़ा।

परिषद् के प्रदेश संयुक्त महामंत्री डॉ. ओमप्रकाश भार्गव ने कहा कि लोककथाएं अतीत की घटनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सेवा, समर्पण और त्याग के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संस्कारों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाती हैं। इनमें राजस्थान की मिट्टी की खुशबू और जनमानस की संवेदनाओं का अनूठा प्रतिबिंब मिलता है। राजस्थान अध्ययन केंद्र की निदेशक डॉ. दीपिका विजयवर्गीय ने अतिथियों का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें:वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक दोहरा शतक, 53 गेंदों में ठोके 204 रन

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी वाचन शैली और अभिव्यक्ति से लोककथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में निकिता शेखावत ने प्रथम, हेमेन्द्र सिंह ने द्वितीय और तिमनपाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजन का संयोजन एवं संचालन जयपुर जिला लोक साहित्य प्रमुख डॉ. रेवंत दान ने किया, जबकि जयपुर जिला महामंत्री रवि पारीक ने आयोजन के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी। डॉ. नमिता चौहान ने सरस्वती वंदना तथा लाक्षिकी चौधरी ने परिषद् गीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर डॉ. केशव शर्मा, डॉ. रमाकांत शर्मा, मुरारी गुप्ता, मधुसूदन सिंह देवल, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मीना रानी, डॉ. प्रणु शुक्ला, कमांडर प्रियंका चौधरी, डॉ. तारावती, प्रियंका गर्ग, डॉ. गीता सामौर, अर्चना तिवारी, अदिति शर्मा और प्रियंका मीणा सहित अनेक साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 4 से 6 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय स्तर का लोकमंथन-2026 आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, लोक कलाकार, साहित्यकार, विचारक और मनीषी हिस्सा लेंगे। आयोजन की तैयारियों के तहत देशभर में प्राक् लोकमंथन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजस्थान के सभी जिलों में लोक दर्शन यात्राएं भी निकाली गई हैं, जिनका उद्देश्य लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को व्यापक स्तर पर सामने लाना है।

Related Articles

Back to top button