आदिवासी गांवों की तस्वीर बदलने में राजस्थान बना देश का नंबर 1 राज्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वंचितों को वरीयता’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के क्रियान्वयन में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के 37 जिलों के 6,019 गांवों में शिक्षा, आवास, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम जारी है।

  • धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान पूरे देश में पहले स्थान पर रहा है।
  • प्रदेश के 37 जिलों के 6,019 आदिवासी गांवों में छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों के विकास के लिए 335 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को मंजूरी मिली है।
  • स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां और सिरोही में 6 बहुउद्देशीय विपणन केंद्र बनाए जा रहे हैं।

Rajasthan Tops India in Dharti Aaba Tribal Development Campaign : राजस्थान ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार इस अभियान को मिशन मोड पर आगे बढ़ा रही है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

अभियान के तहत प्रदेश के 37 जिलों के 208 ब्लॉकों में शामिल 6,019 गांवों को विकास कार्यों से जोड़ा गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक आश्रम छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों के निर्माण, उन्नयन तथा सुधार के लिए 335 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। वहीं, 277 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय स्वीकृतियां भी जारी हो चुकी हैं। इन कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति दी गई है।

जनजातीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

जनजातीय परिवारों की आमदनी बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के छह जिलों में बहुउद्देशीय विपणन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां और सिरोही में बनने वाले इन केंद्रों के जरिए जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की योजना है। इससे स्थानीय उत्पादकों को बिक्री के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आजीविका को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें ; महज 15 की उम्र में ‘पिस्टल क्वीन’ का कमाल, नेशनल स्कूल गेम्स में जीते दो गोल्ड

अभियान का एक अहम हिस्सा आदि कर्मयोगी पहल भी है, जिसके जरिए जनजातीय समुदायों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और समस्याओं का समाधान करने की दक्षता विकसित की जा रही है। राजस्थान में इसके पहले चरण में 26 जिलों के 5,978 गांव शामिल किए गए। इस दौरान 162 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 1,082 ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स और 1 लाख 16 हजार 670 ग्राम स्तरीय आदि कर्मयोगियों एवं आदि सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियों पर फोकस

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उद्देश्य से की थी कि देश के प्रत्येक जनजातीय नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। अभियान के जरिए करीब 5 करोड़ जनजातीय लोगों के जीवन में बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आजीविका के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान के स्वास्थ्य नवाचारों की केंद्र ने की तारीफ, कई योजनाओं को सराहा

मार्च 2029 तक चलने वाले इस अभियान में केंद्र सरकार के 17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियां शामिल हैं। इसके तहत 26 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों के 2,911 ब्लॉकों के 63,843 जनजातीय गांवों को लक्षित किया गया है। राजस्थान की उपलब्धि इस दिशा में राज्य सरकार की सक्रियता और योजनाओं को जमीन पर उतारने की कोशिशों को दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button