विकसित राजस्थान 2047 के लिए सुशासन बनेगा सबसे बड़ा आधार
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर में एचसीएम रीपा की स्मृति व्याख्यान श्रृंखला का उद्घाटन करते हुए कहा कि विकसित राजस्थान @2047 का सपना पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन से पूरा होगा। अधिकारियों को तकनीक, नवाचार और संवेदनशील कार्यशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने ई-मित्र, जन आधार, राजस्थान संपर्क और एआई जैसी व्यवस्थाओं को सुशासन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
- विकसित राजस्थान 2047: लक्ष्य हासिल करने में सुशासन मॉडल की होगी अहम भूमिका।
- मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास: पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित निर्णय पर दिया जोर।
- डिजिटल गवर्नेंस: ई-मित्र, जन आधार, राजस्थान संपर्क और एआई से मजबूत होगा प्रशासन।
Good Governance Key to Developed Rajasthan 2047: Chief Secretary : विकसित राजस्थान @2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक का बेहतर इस्तेमाल जरूरी है। सुशासन का ऐसा मॉडल तैयार करना होगा, जिसमें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। यह बात मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को जयपुर में कही।

एचसीएम रीपा के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भगवत सिंह मेहता सभागार में आयोजित स्मृति व्याख्यान श्रृंखला का उद्घाटन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने का संदेश दिया। उनका व्याख्यान ‘प्रभावी और जवाबदेह शासन के लिए प्रशासनिक सुधार’ विषय पर केंद्रित रहा।
यह भी पढे : राज्यपाल बागडे से मिले मुख्य सचिव श्रीनिवास
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन 2047 को साकार करने में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए राज्य में नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के पंच प्रण और न्यूनतम सरकार-अधिकतम शासन की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नीति एवं वित्तीय प्रबंधन, आधारभूत ढांचे एवं संवहनीयता, विकास एवं रोजगार सृजन तथा समाज एवं जनकल्याण को मजबूत करने के लिए चार सूत्रीय दृष्टिकोण पर काम कर रही है।
तकनीक से बदलेगी प्रशासन की कार्यशैली
श्रीनिवास ने अधिकारियों से कहा कि फाइलों के अनावश्यक विलंब को खत्म कर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181, राज-संपर्क 2.0, राज-उन्नति परियोजना निगरानी प्रणाली, ई-मित्र, जन आधार और एसएसओ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रशासन को अधिक पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बना रहे हैं।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जीआईएस और ब्लॉकचेन जैसी आधुनिक तकनीकों को भी प्रशासनिक व्यवस्था में अपनाने पर जोर दिया।
यह भी पढे : अब लिवर-पैंक्रियाज के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, जयपुर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निवेश से लेकर जनकल्याण तक सुधारों पर जोर
मुख्य सचिव ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, नियमों के सरलीकरण और राइजिंग राजस्थान के तहत मिले निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की जरूरत बताई। उन्होंने जल सुरक्षा, स्मार्ट पुलिसिंग, न्याय व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और खनन क्षेत्र में प्रशासनिक सुधारों को भी महत्वपूर्ण बताया।
महिला सशक्तिकरण के लिए राजीविका के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधारों का असली उद्देश्य सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाना और नागरिकों का शासन व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करना है।
कार्यक्रम में महानिदेशक एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रेया गुहा, सुशासन केंद्र के ओएसडी एच. गुइटे, अतिरिक्त महानिदेशक शाहीन अली खान, कोर्स डायरेक्टर श्रवण कुमार बुनकर सहित प्रशिक्षु राज्य सेवा और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी उपस्थित रहे।



