संसद का विशेष बुलावा… 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा का एक-दिवसीय सत्र
केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की अलग-अलग दिन एक-एक बैठक बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। इस बीच महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, सरकार ने अभी इसके एजेंडे में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है।
- संसद का एक-दिवसीय विशेष सत्र, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की होगी बैठक।
- महिला आरक्षण बिल पर चर्चा की संभावना ने जोर पकड़ा, परिसीमन से जुड़ा संशोधन विधेयक हो सकता है पेश।
- 100 दिन से ज्यादा समय से चल रहा मानसून सत्र भी होगा समाप्त, 2008 के बाद सबसे लंबा चला सत्र।
Parliament to Hold Separate House Meetings on November 30 and December 2 : संसद की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की अलग-अलग दिन एक-एक बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 को होगी, जबकि राज्यसभा के सदस्य 2 दिसंबर को सदन में जुटेंगे। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक पूरी हो सकती है। इन बैठकों को लेकर राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा महिला आरक्षण कानून से जुड़े संभावित विधेयक की है। संसद में महिलाओं को आरक्षण देने वाले कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पर विचार किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर, सात जिलों में एक ही दिन में पलटे सियासी समीकरण!
इससे पहले इस मुद्दे पर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाए जाने की संभावनाएं जताई जा रही थीं। अब दोनों सदनों की बैठक की घोषणा के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। हालांकि, सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक इन बैठकों के आधिकारिक एजेंडे में शामिल होगा या नहीं।
103 दिन बाद भी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था मानसून सत्र
संसद के मौजूदा घटनाक्रम के बीच मानसून सत्र की स्थिति भी चर्चा में है। यह सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और लोकसभा तथा राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके बावजूद सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ था।
यह भी पढ़ें ; अयोध्या से अरुणाचल तक ‘श्रीराम ध्वजा रथ यात्रा’ 4 दिसंबर से, परशुराम कुंड में होगी स्थापना
बुधवार रात तक मानसून सत्र स्थगित होने के 103 दिन बीत चुके थे, लेकिन दोनों सदनों का सत्र आधिकारिक तौर पर समाप्त नहीं किया गया था। संसद के इतिहास में इससे पहले वर्ष 2008 में भी ऐसा मामला सामने आया था, जब एक सत्र 87 दिनों तक बिना औपचारिक समापन के रहा था।
अब नवंबर के आखिरी और दिसंबर के शुरुआती दिनों में होने वाली बैठकों पर सबकी नजरें रहेंगी। खासतौर पर यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक सदन के एजेंडे में जगह पाता है या नहीं।



