सोना-चांदी में अभी और आ सकती है गिरावट, 2027 में कब लौटेगी चमक?
कीमती धातुओं में निवेश करने वालों के लिए 2027 की पहली छमाही चुनौतीपूर्ण रह सकती है। विश्लेषकों के मुताबिक, ऊंची ब्याज दरें और मजबूत डॉलर सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बनाए रख सकते हैं। हालांकि, केंद्रीय बैंकों और संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सहारा मिलेगा। साल के दूसरे हिस्से में कीमतों में सुधार की उम्मीद जताई गई है।
- सोना-चांदी की कीमतों में 2027 की पहली छमाही तक कमजोरी रहने का अनुमान।
- अमेरिकी फेड की ब्याज दरें और डॉलर की मजबूती कीमती धातुओं पर डाल सकती हैं दबाव।
- केंद्रीय बैंकों की खरीदारी से सोने को समर्थन, 2027 की दूसरी छमाही में रिकवरी की उम्मीद।
Gold and Silver May Remain Under Pressure in Early 2027: मुंबई। सोने और चांदी के निवेशकों को 2027 की शुरुआत में भी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2026 में शुरू हुई कमजोरी अगले साल की पहली छमाही तक जारी रह सकती है। हालांकि, केंद्रीय बैंकों और संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी इन कीमती धातुओं को दीर्घकालिक आधार देती रहेगी।
ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा के कमोडिटी प्रमुख एवं सीआरएम एनएस रामास्वामी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना और बॉन्ड यील्ड का ऊंचा स्तर सोने की कीमतों पर दबाव बना सकता है। इससे अमेरिकी डॉलर भी मजबूत हो सकता है। हालांकि, 2027 के मध्य में ब्याज दरों में कटौती और यील्ड में नरमी आने पर सोने की कीमतों में सुधार संभव है।
सोने के लिए 5,200 डॉलर तक का अनुमान
रामास्वामी के अनुसार, 2027 में सोने की कीमतों में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, पहली तिमाही में सोना 3,400 से 3,700 डॉलर प्रति औंस, दूसरी तिमाही में 3,600 से 4,000 डॉलर, तीसरी तिमाही में 4,200 से 4,800 डॉलर और चौथी तिमाही में 4,900 से 5,200 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच सकता है।
चांदी को लेकर उनका अनुमान है कि 2027 की पहली छमाही में कीमतें 48 से 55 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती हैं। वहीं, साल के अंत तक इसके 65 से 75 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
घरेलू बाजार में भी उतार-चढ़ाव के संकेत
पीएल कैपिटल के कमोडिटीज प्रमुख आशीष राजोदिया के मुताबिक, सोना और चांदी 2027 में बड़ी गिरावट के बाद प्रवेश कर सकते हैं। उनके अनुसार, एमसीएक्स पर सोना करीब 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है। हालिया बिकवाली में फ्यूचर्स फंड्स की गतिविधियों और अमेरिकी फेड की ब्याज दरें बढ़ाने की आशंकाओं की अहम भूमिका रही है। हालांकि, कीमतें नीचे आने से भौतिक बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी है।
राजोदिया का अनुमान है कि अगले छह महीनों में सोना 1.12 लाख से 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रह सकता है। अगले 12 महीनों में यह दायरा बढ़कर 1.20 लाख से 1.50 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना है। अगले छह महीनों में इसकी कीमत 1.25 लाख से 1.65 लाख रुपये प्रति किलोग्राम और 12 महीनों में 1.40 लाख से 1.90 लाख रुपये तक रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका ने भारत ए का फाइनल सपना तोड़ा, 42 ओवर में जीत लिया 318 रन का लक्ष्य
विशेषज्ञों के मुताबिक, केंद्रीय बैंक, ईटीएफ, बीमा कंपनियां और पेंशन फंड की खरीदारी बाजार को दीर्घकालिक समर्थन दे सकती है। हालांकि, ब्याज दरों और डॉलर की चाल आगे कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।



