देवेंद्र फडणवीस बने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष, 5 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का 13वां राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें अध्यक्षीय सनद प्रदान की गई। उन्होंने संगठन की सदस्य संख्या 80 लाख से बढ़ाकर पांच करोड़ करने का लक्ष्य रखा। युवाओं में अनुशासन, सेवा, नैतिकता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
- देवेंद्र फडणवीस भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 13वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित।
- 80 लाख से पांच करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य।
- युवाओं में सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर जोर।
Devendra Fadnavis Elected National President of Bharat Scouts and Guides : भारत स्काउट्स एंड गाइड्स को देशभर में व्यापक स्तर पर विस्तार देने की दिशा में संगठन ने नया लक्ष्य तय किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को संगठन के 13वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए। मुंबई स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें अध्यक्षीय सनद और स्काउट प्रतीक प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद फडणवीस ने संगठन की सदस्य संख्या, जो वर्तमान में 80 लाख से अधिक है, को बढ़ाकर पांच करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना संगठन का महत्वपूर्ण दायित्व है।
यह भी पढ़े : वीणा म्यूजिक ऐप से दुनिया तक पहुंचेगा राजस्थानी लोक संगीत
फडणवीस ने कहा कि व्यक्ति के चरित्र निर्माण में सेवा और अनुशासन की अहम भूमिका होती है। युवा पीढ़ी को बचपन से ही अच्छे संस्कार और सकारात्मक मूल्य दिए जाएं तो देश का भविष्य मजबूत होगा। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता बढ़ाने में योगदान दे रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा पीढ़ी की भूमिका निर्णायक होगी। युवाओं में नैतिकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय चेतना विकसित करने के लिए संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा।
यह भी पढ़े : जयपुर की सड़कों पर दौड़े 15,500 लोग, 20 लाख भोजन का संकल्प
संगठन की उपाध्यक्ष प्रतिभा पांड्या ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए बताया कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स पिछले 76 वर्षों से शिक्षकों और सदस्यों के योगदान से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए पहुंच, गुणवत्ता और गौरव को प्रमुख आधार बताते हुए ग्रामीण विद्यार्थियों तक अवसर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और नेतृत्व प्रशिक्षण को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, एम.ए. खालिद, राष्ट्रीय आयुक्त (स्काउट) मनीष कुमार मेहता, अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय आयुक्त मधुसूदन अवला, डी निकायों ग्रुप के प्रबंध निदेशक सनी पांड्या सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में फडणवीस को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।



