असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट, 2,014 करोड़ रुपये से बनेगा सिलचर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा
केंद्र सरकार ने असम के सिलचर जिले के डोलू में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने यह फैसला किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एयरपोर्ट से बराक घाटी और दक्षिण असम की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
- असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये से बनेगा नया एयरपोर्ट।
- 800 यात्रियों की होगी व्यस्ततम समय में क्षमता।
- छह एयरबस A-320 विमानों की पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
Centre Approves Rs 2,014 Crore Greenfield Airport in Assam : पूर्वोत्तर भारत में हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने असम के सिलचर जिले के डोलू में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर अनुमानित 2,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए एयरपोर्ट से दक्षिण असम और बराक घाटी के लोगों को बेहतर हवाई सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी।
यह भी पढे : राजस्थान में खाद की किल्लत नहीं, 9.64 लाख टन यूरिया उपलब्ध; कालाबाजारी पर सरकार सख्त
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित एयरपोर्ट पर 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जाएगी। यहां व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। एयरपोर्ट पर 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। इसके अलावा एक साथ छह एयरबस ए-320 विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन की सुविधा भी विकसित होगी।
नया एयरपोर्ट दक्षिण असम और बराक घाटी के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार साबित होगा। इससे मौजूदा सिलचर हवाई अड्डे पर परिचालन और जगह से जुड़ी सीमाओं को दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के आसपास के क्षेत्रों में हवाई यात्रा की बढ़ती जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से पूर्वोत्तर भारत की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ग्रोथ कॉरिडोर से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर हवाई संपर्क से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।



