कार्तिक पूर्णिमा पर नदियों में उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर गूंजे जयकारे

गंगा-यमुना से सरयू तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़: उत्तर प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या सहित प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर तड़के से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। पवित्र नदियों में डुबकी लगाने के बाद लोगों ने दीपदान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। गुरुनानक जयंती के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में भी विशेष आयोजन हुए।

  • कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा, यमुना और सरयू के घाटों पर उमड़ी भारी भीड़।
  • वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में श्रद्धालुओं ने किया स्नान और दीपदान।
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं, गुरुद्वारों में मना गुरु नानक प्रकाश पर्व।

Kartik Purnima: Devotees Gather at UP River Ghats :  उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। गंगा, यमुना, सरयू और गोमती सहित विभिन्न नदियों के तटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच लोगों ने पवित्र नदियों में स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की।

कार्तिक पूर्णिमा पर नदियों में उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर गूंजे जयकारे
Image Source : Via hindusthan samachar

घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार तड़के करीब चार बजे से स्नान का सिलसिला तेज हो गया। दिन निकलने के साथ ही वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बलिया, गोरखपुर, मिर्जापुर, कानपुर, लखनऊ और अन्य जिलों के प्रमुख घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने स्नान के बाद दीपदान, अर्घ्य और दान-पुण्य किया।

यह भी पढे : गुरुनानक जयंती पर शबद कीर्तन में शामिल हुए राज्यपाल बागडे

प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। संगम के अलावा अरैल, बलुआघाट, शिवकुटी और फाफामऊ में भी स्नानार्थियों की भीड़ रही। वहीं वाराणसी के दशाश्वमेध और पंचगंगा घाट सहित अस्सी, केदार, अहिल्याबाई, रविदास और राजघाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गंगा किनारे समूहों में दीपदान और अर्घ्यदान के दृश्य दिखाई दिए।

अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। लोगों ने पवित्र स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। जौनपुर में गोमती और सई नदी के घाटों पर हजारों लोगों ने डुबकी लगाई। बलिया में सोमवार मध्यरात्रि से ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महावीर घाट पर महाआरती के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने इस पर्व को श्रद्धा, भक्ति, दान और लोककल्याण का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तिथि का संबंध भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार और भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के वध से भी जुड़ा है। उन्होंने लखनऊ में सिख समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया।

यह भी पढे : देव दिवाली : जब धरती पर उतर आते हैं देवता

पर्व के दौरान प्रमुख नदी घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें रात से ही तैनात रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने के लिए लगातार निगरानी की गई।

सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी दिन कार्तिक मास के दौरान चलने वाले स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन भी होता है। काशी सहित कई स्थानों पर इस अवसर को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है।

इसी दिन गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर प्रदेश के गुरुद्वारों में भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की और शबद-कीर्तन में भाग लिया। गुरुवाणी, सुखमनी साहिब के पाठ और नाम सिमरन से गुरुद्वारे भक्तिमय रहे। कार्यक्रमों के बाद श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर छका। इस दौरान सेवा, समर्पण और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

Related Articles

Back to top button