1.26 करोड़ पांडुलिपियां सर्वे में दर्ज, संरक्षण के लिए एससीओ देशों ने बढ़ाए कदम
नई दिल्ली में आयोजित पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में भारत सहित सदस्य देशों ने साझा पांडुलिपि विरासत को सहेजने पर जोर दिया। ज्ञान भारतम मिशन के तहत अब तक 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। विशेषज्ञों ने इनके संरक्षण, डिजिटलीकरण, अनुवाद और शोध में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को जरूरी बताया।
- 1.26 करोड़ पांडुलिपियां ज्ञान भारतम मिशन के सर्वेक्षण में दर्ज।
- एससीओ सभ्यतागत संवाद में भारत सहित कई देशों ने संरक्षण पर की चर्चा।
- एआई और डिजिटलीकरण से प्राचीन ज्ञान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने पर जोर।
1.26 Crore Manuscripts Documented Under Gyan Bharatam Mission : भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने और दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। ज्ञान भारतम मिशन के राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के तहत अब तक 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। नई दिल्ली के पुराना किला परिसर में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच में इस उपलब्धि के साथ पांडुलिपियों के संरक्षण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस मंच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके तहत 22 नवंबर को ‘भाषा, साहित्य, लिपि एवं पांडुलिपि परंपराएं’ विषय पर चौथा सत्र आयोजित हुआ। इसमें एससीओ सदस्य देशों और संवाद साझेदारों के विद्वानों, विशेषज्ञों तथा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
यह भी पढे : ‘रामायण’ के संगीत के लिए रहमान ने ठुकराईं 12 फिल्में
संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव और ज्ञान भारतम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मिशन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण, डिजिटलीकरण, अनुवाद, शोध और प्रकाशन जैसे कार्य किए जा रहे हैं। मिशन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ज्ञान-मित्र एआई, पांडुलिपि दर्पण और भारतीय जीपीटी जैसी तकनीकी सुविधाओं पर भी काम हो रहा है।
प्राचीन ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाने पर जोर
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजनीश कुमार मिश्रा ने भारतीय भाषाओं और लिपियों की ऐतिहासिक विरासत तथा एशियाई भाषाओं पर उनके प्रभाव को रेखांकित किया। वहीं, कलकत्ता विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर केके मिश्रा ने पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से इस ज्ञान को वैश्विक स्तर पर अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
यह भी पढे : अब लिवर-पैंक्रियाज के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, जयपुर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय (टीकेडीएल) की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने पारंपरिक ज्ञान के अनुचित इस्तेमाल और चोरी को रोकने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा, पेटेंट कोडिंग और डिजिटल डेटाबेस तक नियंत्रित पहुंच की जरूरत बताई।
आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर के. रामा सुब्रमण्यम ने पांडुलिपियों के अनुवाद में मूल भाव और संदर्भ की प्रामाणिकता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पंचतंत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि इसका 50 से अधिक विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है।
कई देशों ने साझा किए अनुभव
संवाद में ईरान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, कंबोडिया, उज्बेकिस्तान, लाओस और नेपाल सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने यहां पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। चर्चा में यह बात प्रमुखता से उभरी कि प्राचीन साहित्य और पांडुलिपियां केवल किसी एक देश की धरोहर नहीं, बल्कि साझा सभ्यतागत विरासत हैं। इनके संरक्षण और शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग महत्वपूर्ण है।



