पंचायत चुनाव को लेकर BJP तैयार, बगड़ी बोले- रणनीति तैयार
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियां पूरी हैं और बूथ से जिला स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी सामूहिक निर्णय, कार्यकर्ताओं से संवाद और स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर रणनीति बनाई जाएगी। गांवों तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने पर जोर रहेगा।
- पंचायत चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियां पूरी, बूथ और मंडल स्तर पर बांटी गईं जिम्मेदारियां।
- श्रवण सिंह बगडी बोले- विकास की राजनीति से प्रभावित होकर स्वेच्छा से भाजपा में शामिल हो रहे हैं लोग।
- निकाय चुनाव की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब ग्रामीण विकास और सामूहिक रणनीति पर पार्टी का फोकस।
BJP ready for Panchayat elections : राजस्थान में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पार्टी ने बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। उनका कहना है कि पंचायत चुनाव में स्थानीय जरूरतों और कार्यकर्ताओं की राय को ध्यान में रखते हुए सामूहिक रणनीति के साथ आगे बढ़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें ; निकाय चुनाव में ‘भजनलाल मॉडल’ का डंका, कांग्रेस के गढ़ ढहे, बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
बगड़ी ने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी ने प्रत्याशी चयन से लेकर चुनावी रणनीति तक विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श किया। इसी तरह पंचायत चुनाव में भी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों से संवाद के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के परिणामों से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है और इसी ऊर्जा के साथ पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच अपनी बात रखती है। उनके अनुसार, पार्टी में किसी व्यक्ति को दबाव या डर के जरिए शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने दावा किया कि निर्दलीय और अन्य दलों से जुड़े कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर स्वेच्छा से भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का काम करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे पंचायत चुनाव के दौरान प्रमुख रहेंगे। पार्टी का कहना है कि स्थानीय जरूरतों के मुताबिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
यह भी पढ़ें ; एशियाई खेल: भारत ने कोरिया को चटाई धूल, कबड्डी के रण में गरज उड़े धुरंधर
बगड़ी ने निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रदेश में जनता का समर्थन मिला और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव में भी सफलता हासिल हुई। उनके अनुसार, सरकार और संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा सामूहिक निर्णय प्रक्रिया ने चुनावी अभियान को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनावी तैयारियों तक स्थानीय स्तर पर राय ली गई और कार्यकर्ताओं ने मिलकर चुनाव लड़ा। बगड़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं और वह केवल आरोपों के जरिए राजनीति कर रहा है।
हालांकि पंचायत चुनाव के लिए आगे की विस्तृत रणनीति और संगठन की भूमिका पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से तय की जाएगी। बगड़ी ने कहा कि भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और लोगों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए चुनावी तैयारी आगे बढ़ाएगी।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान ने रचा इतिहास : टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रदेश ने मारी बाजी, 100% लक्ष्य किया पूरा
उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत चुनाव में संगठन की प्राथमिकता केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और गांवों में विकास कार्यों को गति देने पर भी ध्यान दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को इसी उद्देश्य के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के लिए कहा गया है।



